पति ने गोली मारकर हत्या……

0
474

गुरुग्राम – यहां भाजपा की महिला नेता की उसके पति ने गोली मारकर हत्या कर दी। पति ने महिला के सिर और सीने में गोली मारी। घटना शनिवार देर रात की है। लेकिन पुलिस को इसकी जानकारी रविवार को मिली। मृतक महिला का नाम मुनेश गोदरा है। वह भाजपा के किसान मोर्चा में मंत्री थी और चरखी-दादरी में जिला अध्यक्ष भी रह चुकी थी। पुलिस ने बताया कि रविवार को सेक्टर-93 के स्पेस सोसायटी में मुनेश गोदारा की हत्या कर दी गई। आरोप पति सुनील पर है। सुनील का परिवार मूल रूप से चरखी दादरी का रहने वाला है और वह पिछले कुछ समय से यहां किराये पर रहा था। सुनील एक निजी कंपनी में पीएसओ की नौकरी करता था। फिलहाल, वह फरार है। पुलिस जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी यानी सुनील और मुनेश के बीच अक्सर विवाद होता था। मुनेश की कादीपुर में रहने वाले युवक के साथ बातचीत होती थी। इसी बात को लेकर सुनील से उसका झगड़ा होता था। शनिवार रात भी इसी वजह से लड़ाई हुई और गुस्से में आकर सुनील ने अपने लाइसेंसी पिस्तौल से दो गोली मुनेश को मारी दी। इसमें मुनेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। चरखी दादरी में रहने वाले हत्या के आरोपी सुनील के आर्मी रिटायर्ड पिता चंद्रभान ने सेक्टर-10 में शिकायत दी है। पुलिस ने चंद्रभान की शिकायत पर उनके बेटे सुनील, महिला से बातचीत करने वाले युवक और उसकी पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, हत्या की वजह प्रेम प्रसंग बताई जा रही है। युवक की पत्नी के खिलाफ मामला इसलिए दर्ज कराया गया है कि उसे सबकुछ पहले से ही पता था।