सबसे अधिक ठंडा रहा…..

0
415

पटना –  पटना में सात साल के बाद शनिवार का दिन सबसे अधिक ठंडा रहा। अधिकतम तापमान 15.4 और न्यूनतम पारा 4.8 डिग्री रिकाॅर्ड किया गया। इससे पहले 30 दिसंबर 2012 को न्यूनतम पारा 4.4 डिग्री रिकाॅर्ड किया गया था। राज्य में गया सबसे ठंडा रहा, जहां पर न्यूनतम पारा 3.2 डिग्री रहा। यह 10 साल में तीसरी बार सबसे कम तापमान रहा। इससे पहले 30 दिसंबर 2018 को 2.7 और 30 दिसंबर 2014 को 3.6 डिग्री रिकाॅर्ड किया गया था। मौसम विभाग ने रविवार को पूरे बिहार के लिए येलो अलर्ट जारी कर रखा है। विभाग के मुताबिक पश्चिम बंगाल में बारिश के साथ ही जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड में लगातार बर्फबारी हो रही है। इससे वहां के कई इलाकों में तापमान 0 से भी नीचे चला गया है। ऐसे में दक्षिण-पूर्व की ओर से 17 से 30 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से आने वाली ठंडी हवाओं की वजह से मैदानी क्षेत्रों में तापमान लगातार गिर रहा है। मौसम के रुख को देखते हुए नया साल भी ठंड की चपेट में रहने का अनुमान है। 31 से 3 जनवरी के बीच बिहार के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना है। फिलहाल शनिवार को पटना में सुबह 7 बजे अधिकतम तापमान 6 डिग्री तो 10 बजे 9 डिग्री रहा। शाम को 7 बजे तापमान 11 डिग्री था। इस दौरान 16 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से बर्फीली हवाओं के बहने से ठिठुरन महसूस हो रही थी। रविवार को भी पटना में ठंड रहेगी। अधिकतम पारा 17 तो न्यूनतम तापमान 5 डिग्री रहने की संभावना है। शीतलहर के चलते जिले के सभी शिक्षण संस्थानों को डीएम ने 2 जनवरी तक बंद रखने का आदेश दिया है। उधर, पूसा कृषि मौसम परामर्शी सेवा ने अगले दाे दिनों तक दिन का तापमान 16 डिग्री से कम रहने के साथ ही रात में शीतलहर जारी रहने की संभावना जताई है। काेहरा और घना होगा।