शांति मार्च……

0
489

भोपाल –  नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) के विरोध में कांग्रेस का शांति मार्च रंगमहल चौराहे से शुरू हो चुका है जिसका नेतृत्व मुख्यमंत्री कमलनाथ कर रहे हैं। रौशनपुरा चौराहे पर एक जनसभा रखी गई है। राज्य सरकार के मंत्री और पार्टी के पदाधिकारी भी मौजूद हैं। पैदल मार्च रंगमहल चौराहे से दोपहर 12 बजे शुरू होगा, जो मिंटो हाॅल में गांधी प्रतिमा के सामने समाप्त होगा। इसमें हजारों की संख्या में गांधी टोपी पहने और हाथों में तिरंगा लेकर मार्च में साथ चल रहे हैं। इसमें सामाजिक संगठन भी शामिल हुए हैं। मुख्यमंत्री कमलनाथ ने इस मौके पर मीडिया से चर्चा में कहा कि कांग्रेस की संस्कृति सभी धर्मो को जोड़ने की रही है। उन्होंने कहा कि संविधान की रक्षा के लिए आज हम सब यहां एकत्रित हुए है। उन्होंने यह भी कहा कि देश एवं प्रदेश की जनता का गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसके खिलाफ यह आंदोलन किया जा रहा है। उन्होंने कहा है कि आज देश कठिनतम दौर से गुजर रहा है। जहां जनता की वास्तविक समस्याओं को सुलझाने के बजाए केंद्र रोज नए-नए ऐसे मुद्दे ला रहा है, जिनके कारण भारत की सामाजिक समरसता पर गंभीर प्रहार हो रहे हैं। सीएए और एनआरसी जैसी अवधारणाओं के माध्यम से भारतीय संविधान की उस मूल भावना को आहत किया जा रहा है, जिसमें स्पष्ट रूप से यह अभिव्यक्त किया गया है कि जाति, धर्म और भाषा के आधार पर भारत के नागरिकों के बीच कोई भेदभाव नहीं किया जा सकता है। शांति मार्च को देखते हुए सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है। इस दौरान रोशनपुरा चौराहे की ओर वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। लालघाटी की ओर से अाने वाले वाहन पाॅलिटेक्निक चौराहा, निर्माणाधीन स्मार्ट रोड, डिपो चौराहा, माता मंदिर से मैनिट की ओर आ जा सकेंगे। प्रभात चौराहा या जिंसी चैराहा की ओर से आने वाला ट्रैफिक भारत टॉकीज तिराहे से होता हुआ, हमीदिया रोड से आ-जा सकेगा। एमपी नगर का ट्रैफिक कोर्ट चौराहे से जेल रोड तिराहे, शब्बन चौक से पुराना एसपी ऑफिस होकर स्टेशन आ-जा सकेगा।