रायपुर . देश के पश्चिमी हिस्से से आ रही गर्म हवा से प्रदेश भीषण गर्मी की चपेट में है। हवा की औसत रफ्तार 10 किमी/घंटा है। उत्तर से दक्षिण छत्तीसगढ़ तक तापमान सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा है। रायपुर और बिलासपुर संभाग में लू चल सकती है। शनिवार को बिलासपुर सबसे ज्यादा गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 46 डिग्री से ऊपर चला गया, वहीं राजधानी रायपुर में पारा 44.6 डिग्री रहा। दिन में तेज गर्मी की वजह से सूरज ढलने के बाद भी मौसम ठंडा नहीं हो पा रहा है। यही वजह है कि रात का तापमान भी बढ़ा हुआ है। सभी जगह पारा सामान्य से अधिक है। पेंड्रारोड, अंबिकापुर और राजनांदगांव में रात काफी गर्म है। यहां रात का तापमान क्रमश: 29.6 डिग्री, 28.9 तथा 30.5 डिग्री है, जो सामान्य से 4 डिग्री ज्यादा है। माना एयरपोर्ट, बिलासपुर में पारा 31.1 और 30.1 डिग्री है। यहां तापमान सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा है।
सरगुजा संभाग के तापमान में थोड़ी कमी आई है। अंबिकापुर में दिन का तापमान 39.2 डिग्री तक गिर गया है। पेंड्रारोड में भी दिन का तापमान 40.6 डिग्री के आसपास है। यहां हवा में नमी सुबह से शाम तक 40 प्रतिशत के आसपास है, इसलिए यहां दिन के तापमान में गिरावट आई है। मध्य छत्तीसगढ़ में रायपुर सबसे गर्म रहा। लालपुर मौसम केंद्र में पारा 44.6 डिग्री रहा, लेकिन माना एयरपोर्ट में तापमान 45.5 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विज्ञानियों के अनुसार समुद्र में फिलहाल कोई बड़ा डेवलपमेंट नहीं है। इसलिए नमी बढ़ने की संभावना कम है, बल्कि रेगिस्तान से आने वाली गर्म हवा से प्रदेश में लू चलने की संभावना है।
कानन पेंडारी में पारा 50O : बिलासपुर | कानन पेंडारी चिड़ियाघर में दिन का पारा 50 िडग्री पर पहुंच गया। जानकारी मिलने पर डीएफओ संदीप बल्गा निरीक्षण करने कानन पेंडारी पहुंच गए। डीएफओ का कहना है कि पारा ज्यादा था। कितना था हम नहीं बता पाएंगे। बस भीषण गर्मी पड़ रही है। इसीलिए जानवरों को देखने आया हूं। सबकुछ ठीक चल रहा है।