भोपाल। देश के छठवें और मध्यप्रदेश के तीसरे चरण में आठ संसदीय क्षेत्रों में मतदान शुरू हो गया है। इन सीटों पर कुल 138 प्रत्याशी मैदान में हैं। सबसे रोचक मुकाबला भोपाल संसदीय क्षेत्र में है। यहां कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और भाजपा से साध्वी प्रज्ञा ठाकुर मैदान में हैं। यहां से 30 प्रत्याशी मैदान में हैं।
मतदान अपडेट्स
आठ सीटों पर दोपहर एक बजे तक 30% मतदान हुआ। मुरैना 25.00, भिंड 22.25, ग्वालियर 23.32, गुना 34.11, सागर 30.30, विदिशा 35.54, भोपाल 27.00, राजगढ़ में 32.39 प्रतिशत मतदान हुआ।
भिंड में कन्या स्कूल पोलिंग बूथ से सभी दलों के इलेक्शन एजेंटों को भगाया गया, नगर पालिका पोलिंग बूथ से भी एजेंटों को बाहर निकाला गया।
भोपाल से कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह के वोट डालने राधौगढ़ नहीं जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि उन्हें आज सुबह हेलिकॉप्टर से मतदान करने राजगढ़ जाना था लेकिन प्रशासन ने अनुमति नहीं दी है। सूत्रों का कहना है कि दिग्विजय सिंह अगर कार से राधौगढ़ जाएंगे तो समय ज्यादा लगेगा। इसलिए संभव है कि वे मतदान करने नहीं जाएं। बताया जा रहा है कि ऐसा पहली बार हो रहा है जब दिग्विजय सिंह वोट नहीं डाल पाएंगे। उनकी पत्नी अमृता सिंह ने भोपाल में मतदान किया है।
भोपाल में गोविंदपुरा विधानसभा के बूथ क्रमांक 326 में भाजपा के 2 कार्यकर्ता घनश्याम साहू और धर्म वीर को बागसेवनिया पुलिस ले गई। वहीं दक्षिण पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के बूथ क्रमांक 57 में कार्यकर्ता नईम अंसारी को कमला नगर पुलिस ले गई।
मतदान केंद्रों का जायजा लेने निकले दिग्विजय सिंह ने कहा है कि निर्वाचन आयोग की तैयारियां ठीक तरह से नहीं होने के कारण मतदाता परेशान हो रहे हैं। मतदान केंद्रों पर पीने तक का पानी नहीं हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने परिवार सहित अपने गांव जैत में किया मतदान।
राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र के नलखेड़ा में मतदान के दौरान एक महिला को चक्कर आ गए और वो ईवीएम पर ही गिर गई। इस वजह से ईवीएम का प्रिंटर खराब हो गया और उसकी जगह पर दूसरा प्रिंटर लगाया गया।
श्योपुर जिले में आज तड़के तेज हवाएं चलने से मतदान केन्द्रों में लगाए गए टेंट उड़ गए।
शिवपुरी के पोहरी क्षेत्र में मतदान को लेकर दो पक्षों में झड़प का मामला सामने आया है। ग्राम लोखरी मतदान केंद्र क्रमांक 161 पर कांग्रेस के पक्ष में वोट डालने को लेकर आदिवासी व यादवों में झड़प की बात सामने आई।
भोपाल जनसंर्पक केंद्र 152 में हंगामा, सुरक्षाकर्मियों पर महिला मतदाताओं से अभद्रता करने का आरोप। महिलाओं ने कहा गालियां दीं। भोपाल के महापौर एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता आलोक शर्मा ने आज यहां आरोप लगाते हुए कहा कि पुराने शहर के आरिफ नगर क्षेत्र में राज्य सरकार के एक मंत्री के भाई ने उनकी पार्टी के पोलिंग एजेंट को धमकाया है। शर्मा ने यहां गौतम नगर थाने के पास मीडिया से कहा कि पुराने शहर के आरिफ नगर क्षेत्र में कुछ मतदान केंद्रों पर भाजपा के पोलिंग एजेंट के रूप में अंकित साहू, पंकज साहू और आकाश प्रजापति को तैनात किया गया था। वहां पर राज्य सरकार के मंत्री आरिफ अकील के भाई आमिर अकील पहुंचे और उन्होंने पोलिंग एजेंट को धमकाते हुए केंद्र से बाहर करने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर वे स्वयं मतदान केंद्र तक पहुंचे।
भोपाल में बूथ क्रमांक 154, 348 बरकतउल्ला विश्वविद्यालय की वोटिंग मशीन में खराबी आने की वजह से वोटिंग समय पर शुरू नहीं हो सकी। चार इमली के मतदान केंद्र पर भी समय पर मतदान शुरू नहीं हो पाया, इसी पर निर्वाचन अधिकारी वीएल कांताराव सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी यहां मतदान करने पहुंचे।
कोलार में साईं नाथ नगर के मतदान केंद्रों पर साढ़े छह बजे से लंबी लाइन लगी है।
ग्वालियर मतदान केंद्र क्रमांक 58 डोली में मशीन खराब होने से मतदाता परेशान हुए।
भोपाल में भाजपा प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर सुबह सबसे पहले मंदिर पहुंची और वहां दर्शन करने के बाद पोलिंग बूथ पहुंचकर मतदान किया। ग्वालियर-चंबल इलाके में बड़े नेताओं को नजरबंद कर दिया गया है। उन्हें सिर्फ वोट देने की अनुमति दी गई है। गुना में निर्वाचन कार्य में लगे इंजीनियर को आयोग ने शनिवार को निलंबित कर दिया है। इंजीनियर इव्हीएम मशीन मतदान केंद्र पर ले जाने बजाय अपने घर पर रखे हुए था। जिला निर्वाचन अधिकारी ने इव्हीएम जप्त कर ली है। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी वीएल कांताराव ने बताया कि आठ लोकसभा क्षेत्रों में 18 हजार से ज्यादा मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसमें 4 हजार मतदान केंद्र संवेदनशील हैं। सुरक्षा के लिए 45 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। वहीं, 70 हजार कर्मी मतदान प्रक्रिया को संपन्न कराएंगे। मतदान के दौरान एक एयर एंबुलेंस भोपाल में एयरपोर्ट पर तैनात की गई। इस चरण में 1 करोड़ 44 हजार से ज्यादा मतदाता मतदान करेंगे।
इनके बीच मुकाबला –
लोकसभा क्षेत्र भाजपा कांग्रेस
भोपाल प्रज्ञा ठाकुर दिग्विजय सिंह
गुना केपी यादव ज्योतिरादित्य सिंधिया
मुरैना नरेंद्र सिंह तोमर राम निवास रावत
ग्वालियर विवेक शेजवलकर अशोक सिंह
भिंड संध्या राय देवाशीष जारड़िया
सागर राज बहादुर सिंह प्रभांशु सिंह ठाकुर
राजगढ़ रोडमल नागर मोना सुस्तानी
विदिशा रमाकांत भार्गव शैलेंद्र पटेल
19 मई को यहां होगा मतदान: सातवें और अंतिम चरण में आठ लोकसभा क्षेत्रों देवास, उज्जैन, इंदौर, धार, मंदसौर, रतलाम, खरगोन और खंडवा में मतदान होगा। मतगणना 23 मई को होगी।