नई दिल्ली. शत्रुघ्न सिन्हा शुक्रवार को कमलनाथ के गढ़ छिंदवाड़ा की रैली में शामिल हुए। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस महात्मा गांधी, सरदार पटेल, पंडित नेहरू, जिन्ना, राजीव से लेकर राहुल गांधी तक और पहले भी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की पार्टी है। इस परिवार के सभी लोगों की देश के आजादी और विकास में अहम भूमिका रही। इसलिए इस परिवार में आया हूं। अब कभी मुड़कर नहीं देखूंगा। एक बार आ गया हूं तो संक्षेप में कहना चाहूंगा- कुछ तो मजबूरियां रही होंगी, वरना यूं ही कोई बेवफा नहीं होता।’’
शत्रुघ्न ने शनिवार को सफाई दी, “अंग्रेजी में एक शब्द है स्लिप ऑफ टंग यानी जुबान फिसलना। मैं मौलाना आजाद कहना चाह रहा था लेकिन मोहम्मद अली जिन्ना कह गया। यह राजीव गांधी, इंदिरा गांधी, राहुल गांधी की पार्टी है। कुछ चैनल जो राग दरबारी हैं वे इसे चला रहे हैं। मुझे इस पर कोई अफसोस नहीं क्योंकि यह स्लिप ऑफ टंग था।” भाजपा से टिकट नहीं मिलने पर शत्रुघ्न कांग्रेस में शामिल हुए थे। वे पटना साहिब से उम्मीदवार हैं।
चिदंबरम ने कहा- मेरे पास हर एक सदस्य के बयान का जवाब नहीं
शत्रुघ्न के बयान पर कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने कहा, ”उनका क्या नजरिया है, यह तो वही बता सकते हैं। कुछ दिन पहले वे भाजपा में थे। भाजपा को ही यह जवाब देना चाहिए कि इतने साल वे क्यों पार्टी का हिस्सा रहे। मेरे पास पार्टी के हर एक सदस्य के बयान का जवाब नहीं है। मैं सिर्फ पार्टी के पदाधिकारियों के लिए बोल सकता हूं।”