आगरा खंदौली। सैमरा (खंदौली) में मंगलवार देर रात आगरा से अपने गांव लौट रहे एक किसान को बदमाशों ने गोली मार दी। गोली चलने की आवाज से आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। फौरन अस्पताल में भर्ती कराया। जहां किसान की हालत गंभीर बनी हुई है। गोली सीने में फंसी हुई है। घायल ने पुलिस को दो लोगों के नाम बताए हैं। वहीं तीन लोग अज्ञात थे।.
गांव गढ़ी राठौर, सैमरा थाना खंदौली निवासी हेमवीर सिंह राठौर आलू किसान हैं। मंगलवार को वह किसी काम से आगरा आए थे। देर रात करीब 10:30 बजे बाइक से अकेले अपने गांव लौट रहे थे। तभी गांव के पास प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सैमरा के पास सैमरा-भवानी रोड पर बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। गोली उनके सीने पर लगी। खून से लथपथ हेमवीर वहीं जमीन पर गिर पड़े। गोली की आवाज सुनकर आसपास के गांव के लोग इकट्ठा हो गए। लोगों ने उन्हें पहचान लिया। हेमवीर का बेटा अजय और परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। अजय ने उन्हें उठा लिया। यमुना पार से एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। अस्पताल पहुंची पुलिस ने हेमवीर से बातचीत की कोशिश की। अर्द्धबेहोशी की हालत में उन्होंने पुलिस को दो नाम बताए हैं। इनमें एक का नाम अटल बिहारी और दूसरे का पप्पू उर्फ पवन है।.
अटल हाथरस रोड पर सुशीला कोल्ड स्टोरेज पर काम करता है। वहीं तीन लोग अज्ञात हैं। वहीं डॉक्टरों का कहना है कि गोली सामने से मारी गई है। गोली हेमवीर के सीने में फंसी हुई है। गंभीर हाल में उनका इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। .