ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह दो अज्ञात बदमाशों ने गांव मंगरौली रोड निवासी एक रिटायर्ड फौजी को उनके घर में घुसकर गोली मार दी। पीड़ित को गंभीर हालत में जेवर के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जेवर थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह भाटी ने बताया कि मंगरौली गांव निवासी रिटायर्ड फौजी श्याम सिंह का अपनी पत्नी व बेटे से कुछ विवाद चल रहा था। वह अपने परिवार से अलग रह रहे थे और रिटायरमेंट के बाद एक एनजीओ चला रहे थे। बुधवार सुबह उनके घर दो अज्ञात बदमाश पहुंचे और उन्हें गोली मार दी जो उनके सिर में लगी।
उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने श्याम सिंह को जेवर के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।